भीलवाड़ा , जनवरी 23 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में प्रतिबंध के बावजूद चीनी मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है, गुरुवार को दोपहर एक महिला चीनी मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संगीता न्याती (38) न्याती सांगानेरी गेट स्थित अपनी दुकान पर घर से चाय लेकर जा रही थीं। जैसे ही वह दूधाधारी मंदिर के बाहर पहुंचीं, अचानक वहां लटक रहा चीनी मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। इससे मांझे की तेज धार से गला कट गया और खून बहने लगा।

सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और घायल महिला को रामस्नेही चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में सर्जन डॉ योगेश दरगड और नाक कान गला रोग विशेषज्ञ डॉ विभा जैन ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने गर्दन के घाव पर 10 टांके लगाकर रक्तस्राव रोका, तब जाकर महिला की हालत स्थिर हुई।

चिकित्सकों ने बताया कि थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। गर्दन के पास प्रमुख नसें होने के कारण यह चोट जानलेवा साबित हो सकती थी। फिलहाल महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है।

उधर, घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि चीनी मांझे पर रोक होने के बावजूद खुलेआम इसकी बिक्री और उपयोग हो रहा है, जो आमजन के लिए मौत का फंदा बन चुका है। लोगों ने पुलिस और नगर निगम से चीनी मांझे विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित