सीहोर , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के इछावर में बुधवार को बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। तीनों बच्चे इछावर के वार्ड नंबर 12 के निवासी थे।

पुलिस के अनुसार तीनों बच्चे खेलते-खेलते मोगरा रोड पर बारिश के पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वे नहाने के लिए गड्ढे में उतर गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों डूब गए।

काफी देर तक बच्चों के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पानी से भरे गड्ढे में बच्चों के शव तैरते दिखाई दिए। परिजनों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय प्रशांत पिता सुभाल, 10 वर्षीय पृथ्वीराज पिता सुभाल और 11 वर्षीय दीक्षांत पिता अखलेश के रूप में हुई है। प्रशांत और पृथ्वीराज सगे भाई थे।

इछावर थाना प्रभारी रामबाबू राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि घटना में तीन बच्चों की मौत हुई है। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों का जायजा लिया है। गड्ढे की स्थिति, उसके निर्माण और संभावित लापरवाही सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की वैधानिक जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित