हनुमानगढ़ , मार्च 17 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ में राष्ट्रीय किसान संगठन ने घग्घर नदी के बाढ़ नियंत्रण कार्यों और सिंचाई विभाग की आबियाना (सिंचाई शुल्क) वसूली में अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
राष्ट्रीय किसान संगठन के संभाग अध्यक्ष बद्रीनारायण जाखड़ ने मंगलवार को बताया कि करीब 350 करोड़ रुपये के बाढ़ सुरक्षा कार्य स्वीकृत तो हो चुके हैं लेकिन जमीनी स्तर पर इनका कोई असर नजर नहीं आ रहा। उन्होेंने कहा कि नहरों में गाद जमा है, पानी की आपूर्ति ठीक नहीं हो रही, फिर भी विभाग कागजों पर सफाई के करोड़ों रुपये खर्च दिखा रहा है।
इससे पहले संगठन के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर के जरिए राज्य सरकार को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। पहले ज्ञापन में सिंचाई मंत्री से मांग की गई कि जबरन आबियाना वसूली तुरंत रोकी जाए, सिंचाई बारी काटने की कार्रवाई बंद हो और नहरों की असल सफाई कराई जाए।
किसानों का आरोप है कि पानी न मिलने के बावजूद विभाग फसल पर आबियाना जमा करने का दबाव बना रहा है और बकाया होने पर बारी काटकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित