सोनभद्र , जनवरी 31 -- सोनभद्र जिले में कोन थाना क्षेत्र के अमवार नहर परियोजना अंतर्गत कुडवा में नहर की सफाई और खुदाई कार्य के दौरान एक मजदूर की हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नहर परियोजना के तहत बनी सुरंग से लगभग एक किलोमीटर दूरी पर एक निजी कंपनी द्वारा सफाई कार्य कराया जा रहा था। इसी कंपनी में कार्यरत 32 वर्षीय विजय कुमार यादव शनिवार शाम करीब चार बजे नहर की लेवलिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
कंपनी के कर्मचारी उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव को लेकर घटनास्थल कुडवा पहुंचकर मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना पर कोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटी रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित