हनुमानगढ़ , जुलाई 09 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा थाना क्षेत्र में गुरुवार को इंदिरा गांधी नहर परियोजना की सूरतगढ़ ब्रांच नहर में एक ट्रैक्टर ट्राली के अनियंत्रित होकर गिरने से एक युवक की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान गुलाम ख्वाजा (22) के रूप में हुई है। घटना में उसके पिता मंजूर अली और दोस्त रोहित बाल बाल बच गये।
उन्होंने बताया कि ये तीनों पूर्वाह्न करीब 10 बजे गौसेवा समिति की ट्रैक्टर ट्राली में नजदीक ही एक ढाणी में चारा लेने के लिए नहर की पटरी से होते हुए जा रहे थे। लबाना में सूरतगढ़ ब्रांच नहर के पुल से करीब 200 मीटर की दूरी पर नहर पटरी से गुजरते समय अचानक ही ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर नहर में गिर गयी। मंजूर अली और रोहित खुद ही तैर कर बाहर आ गये लेकिन गुलाम ख्वाजा का कुछ पता नहीं चला। काफी तलाश के बाद दोपहर में उसका शव कुछ ही दूरी पर मिल गया।
गुलाम ख्वाजा के परिवार वालों ने पुलिस और पोस्टमार्टम की कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित