श्रीगंगानगर , मई 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में एक युवक और एक युवती नहर के पुल के पास स्कूटी छोड़कर लापता हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवती की मां की शिकायत पर गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की गयी, जबकि युवक को भी उसके परिवार वाले ढूंढ रहे हैं। युवक ने हाल ही में 12वीं कक्षा की परीक्षा दी है, जबकि 24 वर्षीय युवती शहर के एक निजी कॉलेज में एमसीए की पढ़ाई कर रही है। पुलिस के अनुसार मां ने बताया है कि उसकी पुत्री गुरुवार रात करीब आठ बजे बिना बताये कहीं चली गयी। युवक के मां-बाप ने बताया कि उनका पुत्र भी करीब उसी समय घर से निकल गया था। उसके पुत्र की स्कूटी रात दो बजे नहर के पास लावारिस खड़ी मिली।
युवती अपना मोबाइल फोन घर पर रख गयी है, जबकि युवक का मोबाइल फोन बंद है। पुलिस दोनों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित