बारां , अगस्त 03 -- राजस्थान में बारां जिले की पलायथा, अयाना शाखा की लक्ष्मीपुरा वितरिका और अंता क्षेत्र की चंबल दांयी मुख्य नहर में पर्याप्त दबाव से पानी नहीं छोड़े जाने के कारण हजारों बीघा क्षेत्र में खड़ी धान की फसल सिंचाई संकट से जूझ रही है।
इस संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा के नेतृत्व में पूर्व जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा, पूर्व प्रधान राधाकिशन नागर, सेवादल जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य ओमप्रकाश नागर धतूरिया एवं देवीशंकर मालव ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर नहरों में तत्काल पर्याप्त जल प्रवाह सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही संभागीय आयुक्त, चंबल विकास क्षेत्र कोटा को भी पत्र भेजा गया।
श्री मीणा ने बताया कि जिले में इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा हुई है। इसके बावजूद किसानों ने धान की बुवाई करके खाद, दवाइयों एवं अन्य कृषि आदानों पर भारी खर्च किया है। वर्तमान में फसल को सिंचाई की अत्यधिक आवश्यकता है, लेकिन नहरों में कम दबाव से पानी छोड़े जाने के कारण अंतिम छोर तक खेतों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। शीघ्र पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं कराया गया तो धान सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हो सकता है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी। ज्ञापन में मांग की गयी है कि पलायथा शाखा, अयाना शाखा की लक्ष्मीपुरा वितरिका और अंता क्षेत्र की चंबल दांयी मुख्य नहर की सभी जल वितरिकाओं में पर्याप्त दबाव के साथ जल प्रवाह सुनिश्चित किया जाये, ताकि पानी अंतिम छोर तक पहुंचे और किसानों की फसल सुरक्षित रह सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित