चंडीगढ़ , सितंबर 23 -- पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बुधवार को नहरी पटवार यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी सेवा संबंधी मांगों और समस्याओं पर चर्चा की तथा जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिया।

यूनियन ने नहरी पटवारियों को तकनीकी ग्रेड देने, शिकायतों पर निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई करने, सहायक माल क्लर्क (एआरसी) के पद पर पदोन्नति में तेजी लाने, घर के नजदीक तबादले करने और रिक्त पदों को भरने सहित सात प्रमुख मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। इनमें एआरसी के पद बढ़ाने और लंबित सेवा संबंधी मांगों का समयबद्ध निपटारा भी शामिल है।

श्री गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जायज मांगों पर नियमों, वित्तीय और प्रशासनिक प्रावधानों के दायरे में उचित कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित मुद्दों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं के प्रभावी संचालन में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार कर्मचारी संगठनों के साथ रचनात्मक संवाद जारी रखेगी। बैठक में मुख्य अभियंता (नहरें) शेर सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित