जालंधर , अक्टूबर 10 -- पंजाब में जालंधर की एडीसीपी सिटी-1 माधवी शर्मा ने शनिवार को कहा कि पुलिस नशों के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पंजाब सरकार की 'युद्ध नशों के विरुद्ध' मुहिम के तहत वार्ड नंबर 35 के बूटा पिंड में नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुश्री शर्मा और जिला समन्वयक शैंकी भगत की अगुवाई में हुए इस कार्यक्रम में लोगों से नशा विरोधी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गयी।

सुश्री शर्मा ने कहा कि नशों के खात्मे के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से नशा तस्करी या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जायेगी।

जिला समन्वयक शैंकी भगत ने लोगों से प्रशासन के साथ मिलकर नशों के खिलाफ अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए खेलों को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नशों के खात्मे के प्रयासों में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित