धार , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार धार जिले में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत कुक्षी स्थित एकलव्य आदर्श शासकीय आवासीय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा समाज और युवाओं को भीतर से खोखला कर रहा है। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहने का सबसे बेहतर तरीका खेलकूद और शिक्षा है। यदि युवा खेल और पढ़ाई पर ध्यान देंगे तो बुरी आदतों से स्वतः दूर रहेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, खेल एवं शिक्षा को जीवन का आधार बनाने तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। समापन पर खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम विशाल धाकड़, एसडीओपी सुनील गुप्ता, थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान, खेल विभाग के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित