बैतूल , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित खपरिया माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ एक शिक्षक पर शराब के नशे में विद्यालय आने के आरोपों के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। छात्रों द्वारा शिक्षक के बैग से कथित रूप से शराब की बोतल निकालकर ग्रामीणों और अभिभावकों को दिखाए जाने के बाद मामला सामने आया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार खपरिया माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक अनिल कुदरे पर अभिभावकों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वह लंबे समय से शराब के नशे में विद्यालय पहुंचते हैं। आरोप है कि शिक्षक अपने बैग में शराब की बोतल भी साथ लाते थे, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक कई बार ऐसी स्थिति में विद्यालय पहुंचते थे कि कक्षाओं का संचालन भी सुचारु रूप से नहीं कर पाते थे। उनका आरोप है कि इससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है। अभिभावकों ने संबंधित शिक्षक को विद्यालय से हटाने तथा उनके स्थान पर अन्य जिम्मेदार शिक्षक की नियुक्ति की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षक समाज में आदर्श की भूमिका निभाते हैं और उन पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में यदि कोई शिक्षक नशे की हालत में विद्यालय पहुंचे तो यह शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में यदि यह प्रमाणित होता है कि संबंधित शिक्षक शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन शराब के नशे में कर रहे थे, तो उनके विरुद्ध सेवा नियमों के तहत नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित