पौड़ी , मई 08 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिला पुलिस ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विशेष वाहन जांच अभियान चलाया है। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त कर दिए गए, जबकि संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी सर्वेश पंवार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी कोतवाली एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कोटद्वार पुलिस टीम ने नशे की हालत में वाहन चला रहे दो लोगों को पकड़ा और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त कर लिये।
अभियान के तहत खतरनाक ड्राइविंग, ओवरस्पीड, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग तथा ओवरलोडिंग जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 19 वाहन चालकों पर भी विशेष कार्रवाई की गई। इनमें यातायात श्रीनगर के पांच, कोटद्वार के तीन, श्रीनगर क्षेत्र के छह, कोटद्वार के तीन, लक्ष्मणझूला का एक तथा धुमाकोट का एक चालक शामिल रहा।
वहीं जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 73 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर लापरवाही और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित