पौड़ी , जून 17 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाज जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 116 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई, जबकि एक वाहन को जब्त कर चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार देर शाम से रात तक चले अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान श्रीनगर क्षेत्र में एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाना, ओवरस्पीड, बिना हेलमेट वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग जैसे मामलों में भी कड़ी कार्रवाई की। अभियान के तहत श्रीनगर में दो, कोटद्वार में 12, यातायात श्रीनगर में 23, पौड़ी में एक, लक्ष्मणझूला में तीन, लैंसडाउन में सात, कालागढ़ में तीन तथा सतपुली में दो वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित