पौड़ी , सितंबर, 15 -- उत्तराखंड के पौड़ी में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले आठ चालकों के वाहन सीज किए गए। जनपदभर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 199 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान कोटद्वार क्षेत्र में आठ वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए। पुलिस ने उनके वाहनों को सीज कर दिया। संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई भी शुरू की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित