कवर्धा , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा है कि कार्रवाई केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क को चिह्नित कर उसे जड़ से समाप्त किया जाए।
श्री शर्मा ने रविवार को कवर्धा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित राजनांदगांव रेंज स्तरीय एनडीपीएस कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी, परिवहन और भंडारण करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाए। पुलिस नशे के पूरे नेटवर्क के खिलाफ पूरी ताकत से कार्रवाई करे।
उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों के साथ ही उनसे जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचना आवश्यक है। नशीले पदार्थों का निर्माण, बिक्री, परिवहन, आयात-निर्यात और भंडारण करने वालों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनडीपीएस से जुड़े मामलों की विवेचना वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मजबूत बनाई जाए, ताकि आरोपी केवल गिरफ्तार ही न हों, बल्कि न्यायालय में भी दोषसिद्ध हों।
कार्यशाला में राजनांदगांव रेंज के पुलिस अधिकारी और विवेचना अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री शर्मा ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित