जयपुर , अक्टूबर 15 -- लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत 'नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई' विषय पर निकाली जा रही राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली 21 अक्टूबर को राजस्थान में प्रवेश करेगी।
पुलिस अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वी के सिंह ने बताया कि रैली में प्रत्येक राज्य, केन्द्र शासित प्रदेश, सीएपीएफ और सीपीओ से पांच सदस्यों की टीम शामिल होगी। ये टीमें अपने राज्य की राजधानी या बल मुख्यालय से रवाना होकर 26 अक्टूबर तक एकता नगर पहुंचेंगी। रैली में करीब 250 मोटरसाइकिल राइडर भाग लेंगे। रैली हरियाणा बॉर्डर पर कोटपूतली-बहरोड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश करेगी और जयपुर ग्रामीण, जयपुर शहर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर होते हुए गुजरात सीमा में प्रवेश करेगी।
श्री सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार 20 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम आगरा से जयपुर पहुंचेगी। इक्कीस अक्टूबर को सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनआईए, आरपीएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनएसजी, एसएसबी सहित विभिन्न बलों एवं राज्य पुलिस की संयुक्त रैली दिल्ली से रवाना होकर जयपुर आएगी, जिसे दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री हरी झंडी दिखाएंगे। रात्रि विश्राम जयपुर में होगा।
उन्होंने 22 अक्टूबर को रैली जयपुर से अजमेर (135 किलोमीटर) पहुंचेगी जहां से राजस्थान पुलिस की टीम भी उत्तरप्रदेश पुलिस के साथ रैली का हिस्सा बनेगी। 23 अक्टूबर को अजमेर से चित्तौड़गढ़ होते हुए उदयपुर (284 किमी) और 24 अक्टूबर को उदयपुर से गांधीनगर (260 किमी) का सफर तय किया जाएगा। रैली का स्वागत 21 अक्टूबर को आमेर किले पर किया जाएगा। अगले दिन 22 अक्टूबर को अल्बर्ट हॉल, रामनिवास बाग से रैली को रवाना किया जाएगा, जहां डीजीपी राजस्थान हरी झंडी दिखाएंगे।
रैली 22 अक्टूबर को सीआरपीएफ कैंप पहुंचेगी, जहां उसका स्वागत होगा। तेईस अक्टूबर को आनासागर झील से रवानगी होगी, जहां आईजी अजमेर हरी झंडी दिखाएंगे। चित्तौड़गढ़ में 23 अक्टूबर को कीर्ति स्तम्भ पर रैली का स्वागत होगा। उसी दिन चित्तौड़गढ़ किले से रैली रवाना होगी। तेईस अक्टूबर को फतेहसागर झील पर रैली का स्वागत किया जाएगा। चौबीस अक्टूबर को उदयसागर झील से रवानगी होगी, जहां आईजी उदयपुर हरी झंडी दिखाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित