जयपुर , अक्टूबर 21 -- नशे के खिलाफ जन-जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकल रही राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली बुधवार शाम जयपुर के आमेर पहुंची।
रैली का स्वागत राजस्थान पुलिस बैंड की स्वरलहरियों के बीच फूलों से और तिलक लगाकर किया गया। ऐतिहासिक आमेर में पुलिस उपमहानिरीक्षक श्वेता धनकड़ ने रैली में शामिल लोगों का अभिवादन करते हुए गुलाबी नगरी पधारने पर स्वागत किया। श्रीमती धनकड़ ने बताया कि गुरुवार को पूर्वाह्न 10 बजे रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल से पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा हरी झंडी दिखाकर रैली को आगे के लिए रवाना करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 'फाइट अगेंस्ट ड्रग्स' थीम पर यह रैली बुधवार को नई दिल्ली से रवाना हुई जो सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत निकाली जा रही है। इसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, विभिन्न केंद्रीय पुलिस संगठनों और राज्य पुलिस के राइडर्स शामिल हैं। रैली के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह ने बताया कि रैली राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के रास्ते प्रवेश कर जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर होते हुए गुजरात की ओर बढ़ेगी।
रैली में सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनआईए, आरपीएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनएसजी और एसएसबी सहित विभिन्न बलों के 250 राइडर्स भाग ले रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अक्टूबर को रैली जयपुर से अजमेर पहुंचेगी। 23 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ होते हुए उदयपुर और 24 अक्टूबर को उदयपुर से गांधीनगर की ओर प्रस्थान करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित