चंडीगढ़ , सितंबर 14 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने कहा कि पार्टी नशे के खिलाफ प्रदेश में चार यात्राएं निकालेगी। ये यात्राएं 13 दिन तक चलेंगी और 30 सितंबर को समाप्त होंगी। यात्रा की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। इस दौरान केंद्र के मंत्री भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में कई मुद्दे हैं, लेकिन नशा सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है। भाजपा की यात्राएं पंजाब के हर क्षेत्र तक पहुंचेंगी और लोगों को नशे से बाहर निकालने के उपायों पर जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान पंजाब पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे और भाजपा के साथ रहे।

उन्होंने पंजाब में बिजली कटौती के सवाल पर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते थे कि कोयले की कोई कमी नहीं आएगी, लेकिन आज हालात सबके सामने हैं। प्रदेश में बिजली व्यवस्था की स्थिति खराब है।

उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर कहा कि प्रदेश में हो रहे ब्लास्ट और फिरौती की घटनाओं के पीछे नशा भी एक बड़ी वजह है। उन्होंने सिख इतिहास को लेकर कहा कि पंजाब में प्रदेश का इतिहास पढ़ाया जाना चाहिए।

श्री ढिल्लों ने सचिन पायलट के पंजाब दौरे को लेकर कहा कि यह कुर्सी की लड़ाई है। कोई भी नेता आए, इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित