चंडीगढ़ , सितंबर 14 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ शहर में नशे के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज किया है। पुलिस घोड़ों से गश्त करने के साथ ही थाना प्रभारी और एरिया पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) भी रात में कार्रवाई कर रहे हैं। पिछले चार दिनों में पुलिस के बदले तेवर को चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के निर्देशों से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगल क्षेत्र, खंडहरों और श्मशान घाटों के आसपास नशेड़ियों के अड्डों पर माउंटेड पुलिस की मदद से तलाश अभियान चलाया गया। जंगल से पकड़े गए लोगों के पास से 10 रुपये के नोट, फॉइल पर लगा चिट्टा, लाइटर और नशा गर्म करने वाले चम्मच बरामद हुए। पुलिस ने कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई, ताकि अदालत में बरामदगी और पूरी कार्रवाई को साक्ष्य के तौर पर पेश किया जा सके।
पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ कार्रवाई के तहत 82 लोगों पर एहतियादी कार्रवाई की गयी है और उन्हें जेल भेजा गया है। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत 16 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनमें नशीले पदार्थों की बरामदगी हुई है।
पुलिस का अभियान अब केवल दिन तक सीमित नहीं है। थाना प्रभारी और एरिया डीएसपी रात में भी संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर कार्रवाई कर रहे हैं। अभियान में सीआरपीएफ की टीम भी पुलिस के साथ शामिल है। पुलिस का फोकस नशे के अड्डों को चिन्हित कर वहां लगातार दबिश देने और नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित