जालंधर , अक्टूबर 23 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष विजय सांपला ने भादसों में आम आदमी पार्टीके नेता मामदीन खान की दुकान से नशीली दवाएं बरामद करवाने के मामले में भाजपा नेता बरिंदर कुमार बिट्टू और उनके साथियों के खिलाफ दर्ज पुलिस मामला तत्काल वापस लेने की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के खिलाफ राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई की गई है और नशीली दवाओं की बरामदगी के मूल मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
श्री सांपला ने शुक्रवार को कहा कि इस मामले को लेकर भादसों में भाजपा समर्थकों की ओर से निकाला गया रोष मार्च नशे की समस्या को लेकर लोगों की चिंता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामले तुरंत वापस नहीं लिए गए तो पार्टी व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।
श्री सांपला के अनुसार, बरिंदर बिट्टू ने आम आदमी पार्टी के नेता मामदीन खान की दरवाजों और खिड़कियों की दुकान से नशीली दवाएं बरामद करवाने में भूमिका निभाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस ने मामदीन खान के खिलाफ कार्रवाई करने में आनाकानी की। इसके विरोध में श्री बिट्टू और उनके साथियों ने लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई, लेकिन बाद में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया।
श्री सांपला ने दावा किया कि मामदीन खान के खिलाफ मामला दर्ज होने के तुरंत बाद उसकी जमानत मंजूर हो गई, जबकि बिट्टू और उनके साथियों पर कथित राजनीतिक बदले की भावना से मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बिट्टू और उनके साथियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष समीक्षा करने तथा प्रतिबंधित कैप्सूलों की कथित बरामदगी से जुड़े मूल मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित