जयपुर , अप्रैल 30 -- राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पदस्थापित एक पुलिसकर्मी को नशीले पदार्थ की तस्करी में लिप्त पाए जाने पर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विभाग ने इस मामले में प्रतापगढ़ जिले में पदस्थापित कांस्टेबल विनोद सिंह को गुरुवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया। विभाग ने यह कार्रवाई कर स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वाले चाहे विभाग के भीतर हों या बाहर उनके विरुद्ध इसी प्रकार की कठोरतम वैधानिक और प्रशासनिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
सिरोही जिले में पिण्डवाड़ा थाने में दर्ज प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 244 ग्राम अवैध स्मैक के परिवहन के आरोप में प्रतापगढ़ जिले में पदस्थापित कांस्टेबल विनोद सिंह को गत 24 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित