भिण्ड , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में पुलिस के 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान का असर देखने को मिला, जब एक युवक नशे की हालत में स्वयं थाने पहुंचा और भविष्य में किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने की शपथ ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भरौली गांव निवासी अंकुश सिंह राजावत (35) शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे भिण्ड देहात थाने पहुंचा। उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि वह लंबे समय से शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों का आदी है और कई प्रयासों के बावजूद नशा नहीं छोड़ पा रहा था।
युवक ने बताया कि भिण्ड पुलिस के 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान से प्रेरित होकर वह स्वयं थाने आया है, ताकि सार्वजनिक रूप से नशा छोड़ने का संकल्प ले सके। उसने पुलिस के समक्ष शपथ लेते हुए कहा कि वह भविष्य में शराब, गांजा, अफीम अथवा किसी भी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेगा। यदि आगे कभी नशा करते पाया गया तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
अंकुश ने यह भी कहा कि अब वह अपने परिवार पर ध्यान देगा तथा अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा। पुलिस ने युवक का उत्साहवर्धन करते हुए उसे नशामुक्त जीवन अपनाने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित