संगरूर (धूरी) , सितंबर 25 -- दिल्ली के कानून मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता कपिल मिश्रा ने पंजाब मेंनशे की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है और आरोप लगाया कि राज्य सरकार नशे पर अंकुश लगाने में विफल रही है और मौजूदा स्थिति के लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।
भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के तहत धूरी में आयोजित कार्यक्रम में श्री मिश्रा ने लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की शपथ दिलायी। उन्होंने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में सत्ता गंवाने के बाद उनकी टीम पंजाब आई और राज्य को लूट रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को केजरीवाल के हाथों की कठपुतली बताया।
श्री मिश्रा ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले गुलजार सिंह की मौत के मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नशा तस्करों पर कार्रवाई करने के बजाय पंजाब सरकार नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को परेशान कर रही है और गुलजार सिंह की मौत के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
प्रदेश भाजपा सचिव चरणजीत बराड़ ने कहा कि नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के नशा नेटवर्क को दो वर्ष के भीतर खत्म करने की बात कही है। उन्होंने लोगों से एक नंबर पर मिस्ड कॉल देने की अपील भी की।
भाजपा नेता दयाल सिंह सोढ़ी ने दावा किया कि 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' को लोगों का समर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्रीके रिश्तेदार ज्ञान सिंह मान ने दावा किया कि आठ से 10 वर्ष की उम्र के बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं।
स्थानीय भाजपा नेता प्रो ओंकार सिंह सिद्धू ने कहा कि जब मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र संगरूर में नशे की समस्याखत्म नहीं कर पाये तो पूरे पंजाब से इसे खत्म करने को लेकर सवाल उठते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित