होशियारपुर , सितंबर 09 -- पंजाब में नशे और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की होशियारपुर जिला इकाई ने बुधवार को राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका।

जिला भाजपा अध्यक्ष नितिन गुप्ता नन्नू के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता यहां कमालपुर चौक पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में नशे की समस्या पर प्रभावी रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बेहतर करने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने संगरूर के शेरों गांव में मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर काला झंडा दिखाने और नारे लगाने के बाद पुलिस हिरासत में लिये गये मोहनजीत सिंह से कथित मारपीट और हिरासत में यातना के आरोपों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पार्टी ने संगरूर जिले के दिड़बा निवासी 47 वर्षीय गुलजार सिंह की कथित आत्महत्या का मामला भी उठाया। गुलजार सिंह की सोमवार को कथित रूप से जहरीला पदार्थ निगलने के बाद मौत हो गयी थी। भाजपा नेताओं ने कहा कि इस घटना ने राज्य में नशे की समस्या से निपटने के सरकार के दावों और व्यवस्था पर सवाल खड़े किये हैं।

श्री गुप्ता ने कहा कि पंजाब में नशे और कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपनी सरकार के खिलाफ लगाये जा रहे गंभीर आरोपों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

उन्होंने कहा, ''यदि मुख्यमंत्री इन सवालों का जवाब देने में विफल रहते हैं तो उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।''भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब के लोगों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और राज्य को नशामुक्त, सुरक्षित तथा समृद्ध बनाने के लिए काम करेगी। प्रदर्शन में युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवम, महिला मोर्चा अध्यक्ष पल्लवी, एससी मोर्चा अध्यक्ष वरदी और किसान मोर्चा अध्यक्ष डंडिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित