देहरादून , जुलाई 06 -- उत्तराखंड के देहरादून जनपद अन्तर्गत ऋषिकेश में रविवार देर रात एक नशेड़ी युवक ने अपनी मां से विवाद के बाद उसे गोली मार दी। मां के घायल होने पर युवक उसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले गया। जहां सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कोतवाली ऋषिकेश पर कल देर रात गली नंबर तीन ए ब्लॉक मंदिर के पास पशुलोक विस्थापित कालोनी में एक व्यक्ति द्वारा अपनी मां को गोली मारने की सूचना मिली। मौके पर जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि सुमित गौड़ (32) ने अपनी मां उषा देवी गौड़ (63) को कहासुनी होने पर 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया, जिससे उसकी मां के माथे पर गंभीर चोट आई। जिन्हें उपचार के लिए सुमित गौड़ स्वयं उन्हें एम्स अस्पताल पर लाया, जिनका स्थानीय चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित