हरिद्वार , जून 03 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल पुलिस ने एक युवक को 101 नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में कोतवाली सिडकुल पुलिस को बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि ब्रह्मपुरी रावली महदूद स्थित एक मेडिकल स्टोर से अवैध रूप से नशीली दवाओं का कारोबार किया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने महादेव मेडिकल स्टोर पर छापा मारा और मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 101 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल स्पास्मो ट्रामाडोल बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मेडिकल स्टोर से जुड़े कारोबार में संलिप्त था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सिडकुल में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर पुत्र शिवकुमार, निवासी ग्राम बरसी, थाना तितरो, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद, थाना सिडकुल, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मामले में कथित मेडिकल स्टोर संचालक मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित