हैदराबाद , जुलाई 27 -- नशीली दवाओं की तस्करी के एक संदिग्ध आरोपी ने रविवार को यहां पुलिसकर्मियों को अपनी कार से कथित रूप से टक्कर मार दी जिसमें एक मुख्य हवलदार बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आयीं।

पुलिस ने बताया कि आबिद्स एरिया में नशीली दवाओं की तस्करी की जानकारी मिलने के बाद हैदराबाद नार्कोटिक्स प्रवर्तन विंग ने पायल फुटवियर के करीब आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। आरोपी को संदिग्ध पैकेट सौंपने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने कार में बैठे व्यक्ति से बाहर निकलने को कहा। उसने गाड़ी से उतरने के बजाय अचानक गाड़ी पीछे की ओर बढ़ाई, जिससे मुख्य हवलदार महेंद्र यादव के पैर पर गाड़ी चढ़ गयी और इंस्पेक्टर श्रीकांत एवं एक अन्य कॉन्स्टेबल घायल हो गये। इसके बाद वह भाग निकला।

हुसैनी आलम के रहने वाले आरोपी सैफ का पीछा करके उसे अफज़लगंज इलाके में पकड़ा गया। श्री यादव के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उनका इलाज सोमाजीगुडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने सैफ के खिलाफ आबिद्स और अफज़लगंज पुलिस स्टेशनों में हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित