भोपाल , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नशा समाज, परिवार और भावी पीढ़ियों के लिए विनाशकारी है तथा राज्य सरकार वर्ष 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

डॉ. यादव ने आज जारी संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार नशा मुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए व्यापक अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति समाज की विकास यात्रा में बाधा उत्पन्न करती है और वर्तमान के साथ भविष्य को भी प्रभावित करती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हर प्रकार के नशे पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। नशा व्यक्ति की रचनात्मकता और प्रगति की संभावनाओं को समाप्त कर परिवारों को भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशा मुक्त मध्यप्रदेश अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के "नशामुक्त भारत" के संकल्प और वर्ष 2029 तक देश को पूर्णतः नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जनभागीदारी के साथ निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासियों के सहयोग से राज्य सरकार इस अभियान में भी सफलता प्राप्त करेगी।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई तक "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं सहित सभी नागरिकों से इस अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित