चंडीगढ़ , अप्रैल 24 -- हरियाणा में नशा मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को चंडीगढ़ में जागरूकता रथ यात्रा को विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ यात्रा ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा संचालित की जा रही है, जो 19 अप्रैल को इसराना क्षेत्र के थिराना गांव स्थित आश्रम से शुरू होकर विभिन्न जिलों में जन-जागरण करती हुई चंडीगढ़ पहुंची।
श्री पंवार ने कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है, जो खासकर युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और समाज भी इससे प्रभावित होते हैं। ऐसे में नशा मुक्त भारत का संकल्प सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें सरकार के साथ-साथ समाज की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रथ यात्राएं युवाओं में सकारात्मक सोच और आत्मबल बढ़ाने में सहायक हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। नुक्कड़ नाटक, व्याख्यान और संवाद के जरिए नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला जा रहा है।
श्री पंवार ने कहा कि राज्य सरकार नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही युवाओं को खेल, शिक्षा और कौशल विकास की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि वे नशे से दूर रह सकें।
रथ यात्रा पांच मई को जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी, जहां भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया और अभियान को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित