चंडीगढ़ , सितंबर 14 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के प्रदेश अध्यक्ष केेवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव से मुलाकात कर 18 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित चार 'नशा मुक्त पंजाब यात्राओं' के दौरान पर्याप्त सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
श्री ढिल्लों ने बताया कि ये यात्राएं सुजानपुर (पठानकोट), फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का और तलवंडी साबो से शुरू होंगी। 18 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सुजानपुर स्थित एकता स्थल से यात्रा को रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग विभिन्न चरणों में यात्राओं में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और अर्जुन राम मेघवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग चरणों में यात्राओं में शामिल होंगे। यात्राओं का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होने वाली रैली के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से यात्राओं के पूरे मार्ग और आरंभ एवं समापन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अधिकारियों, एसएसपी, डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ समन्वय कर यातायात प्रबंधन की अग्रिम योजना बनायी जानी चाहिए, ताकि यात्राओं में किसी तरह की बाधा न आए और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित