पटना , नवंबर 09 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की विशेष पहल पर सूबे में 27 अक्टूबर से शुरू किए गए नशामुक्ति महाअभियान के सार्थक परिणाम सामने आने लगे हैं। 26 नवंबर तक एक महीने तक चलाए जाने वाले इस नशामुक्ति महाअभियान के अंतर्गत जन जागरूकता के साथ-साथ शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला भी जारी है। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के स्तर से अक्टूबर में की गई कार्रवाई से संबंधित आंकड़े के अनुसार, प्रतिदिन औसतन 03 हजार 503 छापेमारी की गई है। इस दौरान कुल 08 हजार 933 मुकदमे दर्ज किए गए। 10 हजार 514 लोगों को गिरफ्तार किए गए। गिरफ्तार लोगों में 07 हजार 423 शराब पीने के आरोप में पकड़े गए। जबकि, 03 हजार 91 लोग शराब के अवैध निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल पकड़े गए हैं।
छापेमारी के दौरान कुल 4 लाख 98 हजार 495 लीटर शराब जब्त की गई। इसमें 3 लाख 53 हजार 274 लीटर अवैध देशी शराब, 01 लाख 40 हजार 510 लीटर विदेशी शराब और 4 हजार 711 लीटर स्प्रिट शामिल है। इसके अलावा अवैध कारोबार में उपयोग किए जाने वाले 965 वाहन भी जब्त किए गए हैं। इनमें 686 दोपहिया, 79 तिपहिया, 169 चारपहिया और 31 बड़े वाहन शामिल हैं।
विभाग के अनुसार , जागरूकता अभियान के तहत सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि जागरूकता पर भी जोर दिया जा रहा है। स्कूल, कॉलेज, गांव और छठ घाटों तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जीविका दीदियां नशा मुक्ति मित्र के रूप में घर-घर जाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रही हैं। राज्य सरकार इन दोनों मोर्चों पर एक साथ काम कर राज्य को नशा मुक्त बनाने की ओर काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित