फाजिल्का , सितंबर 16 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष के. एस. ढिल्लों और प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने बुधवार को फाजिल्का में 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' की तैयारियों की समीक्षा की तथा पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से इसे जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
दोनों नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर यात्रा की व्यवस्थाओं पर चर्चा की तथा पुरानी सब्जी मंडी में रैली स्थल का निरीक्षण किया। ढिल्लों ने कार्यकर्ताओं से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और यात्रा का संदेश हर घर तक पहुंचाने की अपील की।
श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब गंभीर नशे की समस्या का सामना कर रहा है और इसका असर केवल युवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे परिवार प्रभावित हो रहे हैं। नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि यात्रा 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर से शुरू होगी, जिसका शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। इसके बाद 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब स्थित गुरुद्वारा ज्योति स्वरूप साहिब, 20 सितंबर को फाजिल्का के सदकी सीमा और 21 सितंबर को तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब से यात्रा के अगले चरण शुरू होंगे। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 20 सितंबर को सदकी सीमा पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
श्री पूनिया ने भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से यात्रा में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित