बैतूल , सितंबर 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में महाराणा प्रताप फाउंडेशन द्वारा जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को अम्बाड़ा, सेमझिरा, मोही, सुखाबड़, बाड़ेगांव और खरपड़ा सहित विभिन्न गांवों में बैठकें आयोजित की गईं।
बैठकों में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर नशे के दुष्परिणामों से लोगों को अवगत कराने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने पर चर्चा की।
फाउंडेशन के वीरेंद्र सिंह चौहान, श्याम सिंह चौहान और कैलाश सिंह परिहार ने बताया कि बैठकों में नशा मुक्ति जनजागरूकता रैली के आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। अभियान के तहत जिले के आठ गांवों में रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से ग्रामीणों, युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।
आयोजकों के अनुसार रैली के दौरान लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने तथा परिवार और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
बैठकों में अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की अपील भी की गई। इस दौरान दिनेश सिंह चौहान, तान सिंह सोलंकी, लाखन सिंह, नवल सिंह, जितेंद्र सिंह परमार सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित