हनुमानगढ़ , अप्रैल 23 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में नशा मुक्ति केंद्र में नशा छुड़वाने के लिए भर्ती करवाए गये एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत होने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि जोरावरपुरा गांव स्थित नया सवेरा नशा मुक्ति केंद्र के संचालक सुभाष जाट और विनोद आदि के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

परिवादी राजपाल जागड़ा ने बताया है कि उसका बेटा अभिषेक नशे का आदी हो गया था। उसका नशा छुड़वाने के लिए जोरावरपुरा में स्थित नया सवेरा नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया गया था। नशा मुक्ति केंद्र में नशा छुड़वाने के नाम पर अभिषेक को इतना प्रताड़ित किया गया कि वह मौका पाकर केंद्र से भाग निकला। गांव के नजदीक सेमनाला को पार करते समय वह नाले के पानी में डूब गया।

पुलिस के मुताबिक अभिषेक मंगलवार शाम के बाद से ही लापता था। उसका शव बुधवार को पाया गया। जिसका पता चलने पर हिसार से उसके परिवार वाले हनुमानगढ़ टाउन पहुंचे। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित