चंडीगढ़ , सितंबर 14 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य में नशे के बढ़ते प्रभाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है।
श्री जाखड़ ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जारी संदेश में आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को या तो दबाव में आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है या नशा तस्करों के गुर्गों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने अबोहर के गिदड़ांवाली गांव में अमनदीप सिंह की हत्या का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उसके भाई ने नशा तस्कर के खिलाफ वीडियो जारी किया था और धमकियां मिलने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि अमनदीप सिंह की हत्या के बाद यह सवाल खड़ा होता है कि राज्य में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा कौन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या नियंत्रण से बाहर हो गई है और नशा माफिया समानांतर सत्ता के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाना भी अब जोखिम भरा हो गया है, जो प्रशासनिक तंत्र की विफलता को दर्शाता है।
श्री जाखड़ ने कहा कि पंजाब को इस स्थिति से बाहर निकालने के लिए सक्षम सरकार की जरूरत है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए काम करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित