लुधियाना , मार्च 04 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रमुख और नशा मुक्ति मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने बुधवार को मोहन दई अस्पताल में उपचाराधीन एक नशा-विरोधी कार्यकर्ता से मुलाकात की। उक्त कार्यकर्ता नशा तस्करी में शामिल व्यक्तियों द्वारा किए गए हमले में घायल हो गया था।
इस दौरान, बलतेज पन्नू ने व्हिसलब्लोअर और उनके परिवार से मुलाकात कर एकजुटता प्रकट की और उन्हें पंजाब सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
श्री पन्नू के साथ विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू और नशा मुक्ति मोर्चा पंजाब के सदस्य भी मौजूद थे। उन्होंने संदेश दिया कि भगवंत मान सरकार उन लोगों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है जो नशामुक़्त समाज के लिए साहसपूर्वक नशा तस्करों का सामना कर रहे हैं और उनका पर्दाफाश कर रहे हैं।
श्री पन्नू ने कहा, "मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशा तस्करों और स्मगलरों के खिलाफ एक निरंतर और बहुआयामी युद्ध लड़ रही है। हम पंजाब से इस अभिशाप को पूरी तरह खत्म कर देंगे।"उन्होंने दोहराया कि निर्णायक अभियान 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अपने अंतिम और सबसे गहन चरण में प्रवेश कर चुका है, और पंजाब सरकार पंजाब से नशों को पूरी तरह जड़ से मिटाने के लिए संकल्पबद्ध है।
उन्होंने घायल कार्यकर्ता के परिवार को यह भी आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा, "सरकार पीड़ित परिवार को पूरा समर्थन दे रही है। मैं व्यक्तिगत रूप से उनके संपर्क में रहूँगा और हर संभव मदद सुनिश्चित करूँगा।"नशा तस्करी में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए श्री पन्नू ने कहा, "नशा तस्कर या तो पंजाब छोड़ दें या गंभीर कार्रवाई का सामना करें। हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक पंजाब से नशे का नामोनिशान नहीं मिट जाता।"उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने व्यापक गिरफ्तारियों, तस्करों की संपत्तियां कुर्क करने, एनडीपीएस एक्ट के तहत सजा सुनिश्चित करने और नशा मुक्ति मोर्चा के करीब 1.5 लाख स्वयंसेवकों की जन-भागीदारी के माध्यम से अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित