पंचकूला , अगस्त 02 -- देश को नशामुक्त बनाने के लिए शुरू किए गए "नशा मुक्त युवा के लिए विकसित भारत संकल्प अभियान" के तहत शनिवार को पंचकूला के सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कानून के तहत सबसे कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और सरकार, पुलिस, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों तथा समाज को मिलकर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन खड़ा करना होगा।

हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है, जिसके माध्यम से देशभर में लगभग एक करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी नई तकनीकों को अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने की भी अपील की।

इस अवसर पर श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश देशहित और उनके लंबे अनुभव पर आधारित है। उन्होंने युवाओं से गलत संगत से दूर रहने और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों के साथ अधिक समय बिताने, उन्हें अच्छे संस्कार देने और अपने जीवन के अनुभव साझा करने की अपील की।

कॉमनवेल्थ खेलों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी लगातार देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे भी हरसंभव सहयोग देती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित