नैनीताल , मार्च 25 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए अब उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में मादक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के एक मामले में आरोपी की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में थाना हल्द्वानी में दर्ज मामले से जुड़े प्रकरण में यह कार्रवाई की गई।
इस मामले में आरोपी नारायण दत्त परगाई निवासी ग्राम कुकना, थाना मुक्तेश्वर के खिलाफ नशा तस्करी के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उप निरीक्षक भुवन सिंह राणा द्वारा पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।
वित्तीय जांच के दौरान आरोपी के पुत्र सुरेश परगाई के नाम पर तीन वाहनों में एक मारुति अर्टिगा कार और दो मोटरसाइकिल प्रकाश में आए।
जांच में इन वाहनों को वैध आय से खरीदे जाने के संबंध में कोई संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली को फ्रीजिंग ऑर्डर भेजा गया। प्राधिकारी द्वारा विगत 24 मार्च को पारित आदेश में कार को एनडीपीएस एक्ट 1985 की सुसंगत धारा के तहत अवैध संपत्ति मानते हुए धारा 68-एफ(1) के तहत जब्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत न सिर्फ तस्करों की गिरफ्तारी की जा रही है, बल्कि उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को भी चिह्नित कर जब्त किया जा रहा है। यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित