हरिद्वार , मार्च 20 -- उत्तराखड के हरिद्वार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से न केवल मादक पदार्थ बरामद किया, बल्कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर द्वारा थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर जांच अभियान तेज किया गया।

आज जांच के दौरान पुलिस टीम ने दुर्गा चौक स्थित ऊंचा पुल के पास से फरहान उर्फ नन्नू पुत्र जावेद अली, निवासी सोनिया बस्ती ज्वालापुर को गिरफ्तार किया। आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर 4.96 ग्राम अवैध स्मैक की तस्करी कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक औषधि और मनोप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित