होशियारपुर , जून 25 -- पंजाब में होशियारपुर जिला प्रशासन और पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चब्बेवाल के अंतर्गत पड़ते गांव सरहाला कलां में कथित नशा तस्करों द्वारा पंचायत भूमि पर बनाये गये एक अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया।

सिविल और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई उस संपत्ति पर की, जो कथित तौर पर संदीप कौर और उसके पति बुध राम की बतायी जा रही है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक मेजर सिंह ने बताया कि दंपति ने कथित रूप से पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा कर यह ढांचा बनायाथा और वे नशा तस्करी की गतिविधियों में भी संलिप्त रहे हैं। उन्होंने कहा कि संदीप कौर और बुध राम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत लगभग 14 मामले दर्ज हैं। इनमें से तीन से चार मामलों में उन्हें सजा हो चुकी है, जबकि अन्य मामले अदालतों में विचाराधीन हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश मामलों में साक्ष्य प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही फैसले आने की संभावना है। वर्तमान में पति-पत्नी दोनों जेल में बंद हैं।

श्री सिंह ने आरोप लगाया कि दंपति ने नशे के कारोबार से अर्जित धन से यह संपत्ति बनायी थी। पंचायत ने अवैध कब्जे के मामले को लेकर विभिन्न अदालतों का दरवाजा खटखटाया था और सभी फैसले पंचायत के पक्ष में आये थे। उन्होंने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ढांचा गिराने के आदेश जारी किये गये। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये थे, तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

मेजर सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान का हिस्सा है और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे की कमाई को मकानों, दुकानों और अन्य संपत्तियों में निवेश कर अवैध संपत्ति खड़ी की जा रही है।उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित