चंडीगढ़ , जून 26 -- आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब सरकार राज्य को नशामुक्त और गैंगस्टर-मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
उन्होंने दावा किया कि 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान के तहत एक मार्च 2025 से 25 जून 2026 तक पंजाब पुलिस ने 5,091 मामले दर्ज कर 7,105 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
श्री धालीवाल ने बताया कि इस अवधि के दौरान पुलिस ने 3,103 किलोग्राम हेरोइन, 831 किलोग्राम अफीम, 10 क्विंटल गांजा, चार क्विंटल कोकीन, पांच क्विंटल आइस ड्रग समेत बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किये हैं। इसके अलावा 18.73 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गयी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पहली बार बड़े नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों और मकानों पर कार्रवाई की है। पाकिस्तान से हालांकि ड्रोन के जरिए पंजाब में भेजे जा रहे नशे और हथियार अब भी बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
श्री धालीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि पंजाब की 532 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाये गये होते तो नशे की तस्करी पर काफी हद तक रोक लगायी जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब को नशा और गैंगस्टरवाद से मुक्त करने में अपेक्षित सहयोग नहीं दे रही। उन्होंने बताया कि गैंगस्टरों के खिलाफ चलाये जा रहे 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान के तहत राज्यभर में 562 स्थानों पर छापेमारी कर 332 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक इस अभियान में कुल 40,353 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।
श्री धालीवाल ने कहा कि सरकार एक ओर नशे और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं भी चला रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार राज्य की सुरक्षा, विकास और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित