पौड़ी , मई, 30 -- नशामुक्त उत्तराखंड अभियान को नयी दिशा देते हुए पौड़ी जिला प्रशासन ने बच्चों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए शनिवार को एक अभिनव पहल शुरू की है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन और डायट पौड़ी द्वारा तैयार की गई नशामुक्ति आधारित कॉमिक्स 'अनमोल जीवन' का शनिवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में विमोचन किया गया। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विद्यालयों में कॉमिक्स का वितरण भी शुरू कर दिया गया। रंग-बिरंगे चित्रों, रोचक पात्रों और प्रेरक कहानियों से सजी इस कॉमिक्स का उद्देश्य बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सरल और प्रभावी ढंग से जागरूक करना है। विद्यालयों में छात्रों ने उत्साहपूर्वक कॉमिक्स का अध्ययन किया और उसकी कहानियों पर चर्चा करते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
श्रीमती भदौरिया ने कहा कि नशामुक्ति जैसे गंभीर विषय को बच्चों तक पहुंचाने के लिए रचनात्मक माध्यमों की आवश्यकता थी। ''अनमोल जीवन'' इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो बच्चों को सहज भाषा और रोचक कथानकों के माध्यम से सही जीवन मूल्यों की सीख देती है। उन्होंने बताया कि कॉमिक्स में 10 प्रेरक कहानियां शामिल की गई हैं, जिन्हें बच्चों की मनोवृत्ति और सामाजिक परिवेश को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कॉमिक्स की एक विशेषता यह भी है कि इसमें क्यूआर कोड के माध्यम से ई-बुक और वीडियो क्लिप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बच्चे पात्रों का रोल-प्ले कर सीखने की प्रक्रिया को और अधिक रोचक बना सकेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक जनपद के सभी विद्यालयों में नशामुक्ति विषय पर रोल-प्ले, स्टोरी टेलिंग और लघु नाटिका प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। डायट के प्राचार्य स्वराज तोमर ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए बचपन से ही सकारात्मक सोच और सही मार्गदर्शन आवश्यक है। वहीं मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना ने इसे केवल कॉमिक्स वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी को नशे के खतरे से बचाने का व्यापक जन-जागरूकता अभियान बताया।
जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी, मेसमोर इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज तथा अन्य विद्यालयों में कॉमिक्स वितरित की गई है। छात्रों ने इसकी कहानियों को अपने आसपास की वास्तविक परिस्थितियों से जुड़ा बताते हुए इसे बेहद उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, पूर्व एडीएम अनिल गर्ब्याल, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, डॉ. हरिशंकर डिमरी, विनय किमोठी, विनय ममगाईं सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। नशामुक्ति के संदेश को बच्चों की भाषा में प्रस्तुत करने वाली 'अनमोल जीवन' पौड़ी की ऐसी पहल बनकर उभरी है, जो जागरूकता और रचनात्मकता के संगम से समाज में सकारात्मक बदलाव की नई उम्मीद जगा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित