भोपाल , अक्टूबर 21 -- सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के तहत 'नशे के विरुद्ध' संदेश लेकर राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। मध्यप्रदेश से रवाना होने वाली इस रैली को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे लाल परेड ग्राउंड, भोपाल से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

रैली में मध्यप्रदेश पुलिस के सात बाइक राइडर्स सहित 14 राज्यों के कुल 146 पुलिस राइडर्स शामिल होंगे। इनमें बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम और सिक्किम की टीमें शामिल हैं। अन्य 13 राज्यों के 139 पुलिस राइडर्स भी भोपाल से रवाना होकर निर्धारित मार्गों से गुजरात के एकता नगर पहुंचेंगे।

पुलिस के अनुसार, रैली में शामिल दलों के सुरक्षित आवागमन, रात्रि विश्राम, स्वागत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित जिलों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यात्रा के दौरान स्थानीय पुलिस सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के साथ विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क और जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित करेगी।

राष्ट्रव्यापी रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। रैली का समापन 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होगा, जहां सभी दल राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित