नयी दिल्ली , अक्टूबर 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब में नशाखोरी, बदहाल कानून-व्यवस्था, और खराब माली हालत के लिए राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और कहा है कि इन सभी समस्याओं से सिर्फ भाजपा निजात दिला सकती है।

पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लो ने बुधवार को यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पजाब की आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की पहचान सिख गुरुओं, संतों, देश के लिए लड़ने वाले वीर योद्धाओं, खिलाड़ियों और हरित क्रांति के लिए रही है, लेकिन यह बहुत दुखद है कि आज उसी पंजाब को चिट्टे और नशे के कारण पहचाना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वैसे तो पंजाब में कई समस्याएं हैं, लेकिन सबसे बड़ी समस्या नशे की है। कल नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी। उनके पिता ने आरोप लगाया है कि यह घटना स्थानीय विधायक के समर्थन से हुई। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की इस स्थिति के लिए आप की सरकार को जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि आज ही पंजाब के एक पुलिस कर्मचारी को 15 किलो हेरोइन के साथ सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पकड़ा है। इससे साबित होता है कि पंजाब में पुलिस के कर्मचारी ही नशा बिकवा रहे हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ही जिम्मेदार है, क्योंकि वही राज्य का गृह मंत्री भी है।

श्री ढिल्लो ने पंजाब में नशे के कारण हर दिन लोगों की मौतें हो रही हैं और राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। इसलिए मुख्यमंत्री को अब सरकार में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब सरकार नशे की समस्या पर अंकुश लगाने में विफल हो रही है। इसके बजाय, लोगों की आवाज दबाई जा रही है। आप की सरकार में पंजाब में कोई भी व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता। कल अमृतसर में यस बैंक के प्रबंधक पर भी गोली चलाई गयी। उन्होंने कहा कि पंजाब में हालात हर दिन खराब होते जा रहे हैं। वर्ष 2026 में छह पुलिसवालों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जनता की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोग भी सुरक्षित नहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित