मधेपुरा , जून 03 -- बिहार के मधेपुरा जिले के नव स्थापित डिग्री महाविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने बुधवार को विभिन्न महाविद्यालयों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने शंकरपुर, घैलाढ़ और कुमारखंड प्रखंडों में चिन्हित महाविद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर कक्षाओं, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नव स्थापित डिग्री कॉलेजों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जिलाधिकारी ने महाविद्यालयों की व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सतत अनुश्रवण के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने और कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित