मुंबई , सितंबर 10 -- नवी यूपीआई ने अपने यूपीआई ऑपरेशन से जुड़ी प्रौद्योगिकी अवसंरचना को मजबूत करने के लिए गुरुवार को इंडसइंड बैंक के साथ साझेदारी की घोषणा की।

यहां ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में नवी लिमिटेड और इंडसइंड बैंक ने इस साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के केंद्र में एक नया यूपीआई भुगतान स्विच है, जो यूपीआई के जरिये लोगों के बीच लेनदेन को संसाधित करने में मदद करता है। नये स्विच के जुड़ने से नवी यूपीआई की प्रौद्योगिकी में और विविधता आयेगी।

नवी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव नरेश ने उम्मीद जताई कि इस साझेदारी से ग्राहकों के लिए अधिक भरोसेमंद और आसान यूपीआई अनुभव का आधार मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाएं भविष्य में अपनी साझा ताकतों को और बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।

दोनों संस्थाओं की संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सुबह की चाय के लिए भुगतान करने से लेकर रात के खाने का बिल देने या मासिक बिलों के भुगतान तक यूपीआई लाखों भारतीयों के दैनिक जीवन का एक अहम हिस्सा बन गया है। जैसे-जैसे डिजिटल भुगतान का दायरा और इस्तेमाल बढ़ रहा है, इसके परिचालन से जुड़ी प्रौद्योगिकी को भी उनके साथ-साथ विकसित होने की जरूरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित