मुंबई , जुलाई 15 -- नवी मुंबई एयरपोर्ट से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन बुधवार को शुरू हो गया।
एयर इंडिया समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने नवी मुंबई से अबुधाबी के लिए पहली उड़ान शुरू की। अबुधाबी जाने वाली उड़ान आईएक्स207 तड़के तीन बजे रवाना हुई। वहीं, वापसी की उड़ान आईएक्स208 सुबह 10 बजे के आसपास नवी मुंबई हवाई अड्डे पर उतरी। इसका पारंपरिक वाटर कैनन सैल्यूट के साथ स्वागत किया गया।
हवाई अड्डा परिचालक ने बताया कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से अबतक 23 लाख से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं। अबुधाबी जाने वाली उड़ान में 1,789 किलोग्राम जल्द खराब होने वाली फल और सब्जियां भेजी गयीं। यह हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय माल परिवहन की शुरुआत भी थी। इससे माल परिवहन के लिए भी नवी मुंबई हवाई अड्डे का महत्व स्पष्ट होता है।
नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ानों का परिचालन 25 दिसंबर 2025 को शुरू हुआ था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत 08 अक्टूबर को इसका उद्घाटन किया था। इस तरह परिचालन शुरू होने के करीब सात महीने बाद यहां से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित