मुंबई , दिसंबर 25 -- नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हो गया।

बेंगलुरु से आई इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 460 सुबह 7.31 बजे पारंपरिक वाटर कैनन सैल्यूट के बीच यहां उतरी। पहली वाणिज्यिक उड़ान और क्रिसमस की खुशी में सभी यात्रियों का हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया और विशेष उपहार दिये गये।

इसके बाद अकासा एयर की क्यूपी 1831 सुबह 7.40 बजे उतरी जो दिल्ली से आयी थी।

यहां से प्रस्थान करने वाली पहली उड़ान भी इंडिगो की 6ई 8882 थी जो हैदराबाद के लिए रवाना हुई। इसके बाद 9.18 बजे अकासा एयर की उड़ान क्यूपी 1832 दिल्ली के लिए रवाना हुई।

हैदराबाद जाने वाली उड़ान के पहले दो यात्री परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन बाना सिंह और सुबेदार मेजर संजय कुमार थे। इसके अलावा अन्य यात्रियों में हवाई अड्डे के निर्माण में शामिल रहे श्रमिक, किसान, अडानी फाउंडेशन के साथ जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता और अडानी समूह के दिव्यांग कर्मचारी शामिल थे। इनमें से कई पहली बार विमान में सफर कर रहे थे।

अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने स्वयं हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। पहली उड़ान से पहले हवाई अड्डे पर तिरंगा फहराया गया। श्री अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे "बेहद भावुक क्षण" बताया।

नवी मुंबई हवाई अड्डे ने पहली लैंडिंग का वीडियो एक्स पर साझा करते हुए लिखा, "हमने दुनिया के लिए अपना आसमान खोल दिया है।"अडानी समूह के इस नये हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत 08 अक्टूबर को किया था। फिलहाल यहां सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक ही उड़ानों का परिचालन होगा जिसमें प्रतिदिन अधिकतम 24 निर्धारित प्रस्थान उड़ानें होंगी।

पहले दिन इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्टार एयर ने घरेलू उड़ानों का परिचालन किया। फरवरी 2026 से संचालन को चरणबद्ध तरीके से चौबीसों घंटे किया जायेगा।

नवी मुंबई हवाई अड्डे का विकास पांच चरणों में होना है। पहले दो चरणों में टर्मिनल-1 बनकर तैयार है। इसकी क्षमता सालाना दो करोड़ यात्रियों की है। अगले तीन चरणों में क्रमशः टर्मिनल-2, 3 और 4 का विकास किया जाना है। पूरी तरह विकसित होने के बाद इस हवाई अड्डा सालाना नौ करोड़ यात्रियों की आवाजाही को संभालने में सक्षम होगा।

यह हवाई अड्डा मुंबई के उपनगरीय इलाके नवी मुंबई में स्थित है। यह ठाणे से 32 किलोमीटर और भिवंडी से 40 किलोमीटर की दूरी पर है। जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह से इसकी दूरी 14 किलोमीटर और मुंबई पोर्ट ट्रस्ट से 35 किलोमीटर है। टालोजा औद्योगिक क्षेत्र से यह 22 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित