मोतिहारी , अगस्त 23 -- महाराष्ट्र के नवी मुंबई के खारघर थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये के डायमंड-गोल्ड लूटकांड के बाद फरार चल रहे कथित सरगना को बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पूर्वी चंपारण जिला के मुख्यालय मोतिहारी से गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रीराम साह के रूप में हुई है। वह मोतिहारी के छतौनी इलाके में छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ की कार्रवाई में आरोपी के पास से 99.31 ग्राम कीमती आभूषण, 90 हजार रुपये नकद और 1,170 नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नवी मुंबई के खारघर में करोड़ों रुपये के डायमंड और गोल्ड लूटकांड के बाद महाराष्ट्र पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसके मोतिहारी में छिपे होने की सूचना बिहार एसटीएफ को मिली। सूचना के आधार पर टीम ने छतौनी इलाके में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामद किमती सामानों में हीरा व सोने की 17 अंगूठियां, लॉकेट, सोने का कमर स्टड, प्लैटिनम चेन, प्लैटिनम ब्रेसलेट, प्लैटिनम रिंग तथा अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने बरामद आभूषणों का कुल वजन 99.31 ग्राम बताया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में लूट-डकैती समेत अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही बरामद आभूषणों के संबंध में महाराष्ट्र पुलिस से समन्वय कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित