जयपुर , अप्रैल 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल को राजस्थान में भाजपा के सात नए जिला कार्यालयों का उद्घाटन और जालोर भाजपा कार्यालय का शिलान्यास करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गुरुवार को बताया कि श्री नवीन सोमवार को राजस्थान दौरे पर रहेंगे। वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजस्थान आ रहे हैं। इस दौरान वह प्रदेश में पार्टी के सात नए जिला कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे और जालोर भाजपा कार्यालय का शिलान्यास भी करेंगे।
उन्होंने बताया कि श्री नवीन टोंक जाएंगे, जहां वह टोंक भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही अन्य जिला कार्यालयों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन भी किया जाएगा। टोंक भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद वह आमजन और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी भाजपा कार्यालयों में किया जाएगा। इसके पश्चात वह जयपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से भाजपा प्रदेश कार्यालय आयेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। हवाई अड्डे से प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यालय में श्री नवीन प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक भी शामिल होंगे। इस दौरान वह भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे और संगठन विस्तार को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित